नई दिल्ली. भारत में अब इंस्टाग्राम यूजर्स पाकिस्तानी कलाकारों के अकाउंट्स नहीं देख पा रहे हैं। माहिरा खान, हानिया आमिर, अली जफर, सजल अली, इमरान अब्बास और इकरा अजीज जैसे लोकप्रिय कलाकारों के प्रोफाइल्स को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। इन अकाउंट्स पर क्लिक करने पर एक संदेश दिखाई देता है: “यह अकाउंट भारत में उपलब्ध नहीं है। हमने एक कानूनी अनुरोध के तहत इस कंटेंट पर प्रतिबंध लगाया है।”
यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सामने आई है, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी। लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन TRF (The Resistance Front) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। हमले में मारे गए लोगों में 24 हिंदू नागरिक और एक नेपाली पर्यटक शामिल था। आतंकियों ने कथित रूप से धर्म पूछकर लोगों को निशाना बनाया, जो 1990 के दशक के कश्मीरी हिंदुओं पर हुए हमलों की याद दिलाता है।
भारत ने इस हमले के पीछे पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए कई स्तरों पर कड़े कदम उठाए हैं। डिजिटल स्पेस में भी सरकार अब सख्त नजर आ रही है। इंस्टाग्राम से पहले, भारत ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर भी बैन लगाया था, जिनमें डॉन न्यूज, जियो न्यूज, ARY और Samaa TV जैसे बड़े चैनल शामिल थे। इन पर झूठी खबरें फैलाने, भारत विरोधी दुष्प्रचार और साम्प्रदायिकता भड़काने के आरोप लगे थे।
सरकार के अन्य सख्त फैसले:
सिंधु जल संधि पर पुनर्विचार और रोक की घोषणा
अटारी-वाघा सीमा पर आवाजाही पर रोक
भारत-पाकिस्तान राजनयिक संबंधों में कटौती
डिजिटल मंचों पर पाकिस्तान की मौजूदगी को सीमित करने के प्रयास
सरकार के इन निर्णयों से साफ संकेत मिलता है कि भारत अब किसी भी रूप में पाकिस्तान समर्थित प्रचार, छवि निर्माण और दुष्प्रचार को सहन नहीं करेगा।