नई दिल्ली. भारत-पाकिस्तान सीमा पर हालात तेजी से बिगड़ते जा रहे हैं। शुक्रवार रात पाकिस्तान ने लगातार दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के कई सीमावर्ती शहरों में ड्रोन और फायरिंग के ज़रिए हमला करने की कोशिश की। भारतीय सुरक्षा बलों ने अधिकतर हमलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर लिया, लेकिन फिर भी कई इलाकों में धमाकों, ब्लैकआउट और गोलीबारी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया।
पंजाब के फिरोजपुर में स्थिति सबसे अधिक तनावपूर्ण रही। वहां एक पाकिस्तानी ड्रोन ने रिहायशी इलाके को निशाना बनाया, जिसमें एक परिवार घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद पूरे इलाके में पूर्ण ब्लैकआउट लागू किया गया और सायरनों की आवाज़ों के बीच लोगों ने डर के साये में रात बिताई।
जम्मू-कश्मीर के जम्मू, सांबा, राजौरी, उरी, पूंछ, नोगाम और कुपवाड़ा में लगातार पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए हैं। कई क्षेत्रों में धमाकों की आवाज़ें भी सुनी गईं। पंजाब में अमृतसर, पठानकोट और फिरोजपुर जैसे सीमाई इलाकों में भी ड्रोन की गतिविधि के बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की।
राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए, हालांकि सुरक्षा बलों की तत्परता के चलते किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। ड्रोन की गतिविधियों के चलते श्रीनगर में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया। वहीं, अमृतसर में ड्रोन गतिविधि के तुरंत बाद भारी गोलीबारी शुरू हुई।