एशिया कप के लिए भारत आएगी पाकिस्तानी टीम, खेल मंत्रालय की तरफ से मिली हरी झंडी

By: PalPal India News
July 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिहॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन भारत में होना है। इसमें 8 टीमों को हिस्सा लेना है। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से पाकिस्तानी हॉकी टीम के इसमें भाग लेने को लेकर पेंच फंसा हुआ था। अब भारतीय खेल मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि  पाकिस्तानी हॉकी टीम को अगले महीने भारत में होने वाले एशिया कप में भाग लेने से नहीं रोका जाएगा। इससे पाकिस्तानी टीम के हॉकी एशिया कप में खेलने और भारत आने का रास्ता साफ हो गया है।

खेल मंत्रालय की तरफ से मिली हरी झंडी

खेल मंत्रालय के सूत्र ने कहा कि भारत कई देशों की भागीदारी वाले टूर्नामेंट में पाकिस्तान से खेलेगा। सूत्र की तरफ से बताया गया है कि हम किसी भी टीम के भारत में मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में भाग लेने के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन बाइलेटरल टूर्नामेंट अलग होता है। इंटरनेशनल खेलों की मांग है कि हम प्रतिस्पर्धा करने से पीछे नहीं हट सकते। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है, लेकिन वे मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में भाग लेते हैं।

भारतीय हॉकी टीम तीन बार जीत चुकी एशिया कप का खिताब

भारतीय हॉकी टीम तीन बार एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। उसने आखिरी बार साल 2017 में इस खिताब को जीता था। वहीं पिछली बार हॉकी एशिया कप साल 2022 में खेला गया था, जिसमें भारतीय हॉकी टीम जापान को हराकर तीसरे नंबर पर रही थी। दूसरी तरफ पाकिस्तानी हॉकी टीम ने तीन बार और साउथ कोरिया ने अभी तक पांच बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है।

हॉकी एशिया कप में कुल 8 टीमें लेंगी हिस्सा

हॉकी एशिया कप 27 अगस्त से सात सितंबर तक बिहार के राजगीर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारत सहित आठ टीमें भाग लेंगी। भारत ने मेजबान होने के नाते क्वालीफाई किया है। भारत के अलावा इस टूर्नामेंट में चीन, जापान, मलेशिया, साउथ कोरिया, ओमान और चाइनीज ताइपे की टीमें हिस्सा लेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *