‘पति के साथ भारत में रहने दिया जाए, पाकिस्तानी महिला ने मोदी सरकार से लगाई गुहार

By: PalPal India News
April 29, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिपाकिस्तानी महिला ने पहलगाम आतंकी हमले पर अफसोस जताते हुए केंद्र सरकार से गुहार लगाई है कि वह भारत में अपने पति के साथ ही रहना चाहती है। वह वापस पाकिस्तान नहीं जाना चाहती है।

भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर जाने का आदेश दे दिया है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में रहने वाली पाकिस्तान की एक महिला ने भारत सरकार से गुहार लगाई है। पाकिस्तानी महिला ने कहा कि उसे उसके भारतीय पति के साथ इसी देश में रहने की अनुमति दी जाए। मंगलवार को खुर्जा में मीडिया से बात करते हुए इस्लामाबाद की रहने वाली मरियम ने कहा कि उसकी शादी तीन साल पहले खुर्जा के आमिर से हुई थी। दो महीने पहले उसे वीजा मिला था और यहां आने के फौरन बाद उसने लॉन्ग टर्म वीजा (दीर्घ कालिक वीजा) के लिए आवेदन कर दिया था।

मरियम-जहां पति, उसका वही देश

मरियम ने कहा कि वह शादी करके अपना मुल्क छोड़कर यहां आई है। अब यही उसका मुल्क है। मरियम ने कहा कि जहां उसका पति रहता है, वही उसका देश है और वह यहां से वापस नहीं जाना चाहती। उसकी सरकार से अपील है कि उसे भारत में रहने दिया जाए। पाकिस्तानी महिला मरियम ने कहा कि पहलगाम में हुए हमले का उसे बेहद अफसोस है और घटना को अंजाम देने वालों को इसकी सजा मिलनी चाहिए लेकिन उसे वापस न भेजा जाए। बता दें कि केंद्र सरकार के आदेश के बाद अल्पावधि वीजा पर बुलंदशहर में रह रही चार पाकिस्तानी महिलाओं को पहले ही वापस भेजा जा चुका है। मरियम जिले में बची एकमात्र पाकिस्तानी नागरिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *