नेपाल में 5.5 तीव्रता के भूकंप से दहशत, बिहार, बंगाल और सिक्किम में झटके

By: PalPal India News
February 28, 2025

नई दिल्ली. गुरुवार तड़के नेपाल, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 मापी गई और इसका केंद्र नेपाल के बागमती प्रांत में स्थित था। यह क्षेत्र बिहार के मुजफ्फरपुर से लगभग 189 किलोमीटर उत्तर में है। भूकंप के झटके सुबह 2:35 बजे महसूस किए गए। हालांकि, अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन हल्के झटकों के कारण लोगों में घबराहट जरूर देखी गई।

बिहार की राजधानी पटना में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस दौरान के वीडियो साझा किए, जिनमें छत के पंखे और इमारतें हिलते नजर आए। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, झटके करीब 35 सेकंड तक महसूस किए गए। राहत की बात यह रही कि इससे किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं मिली।

नेपाल और बिहार के अलावा, गुरुवार सुबह पाकिस्तान में भी भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 4.5 थी। यह झटके सुबह 5:14 बजे महसूस किए गए। इसके अलावा, असम के मोरीगांव जिले में भी सुबह 2:25 बजे भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 5.0 दर्ज की गई। असम में भी किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

मध्यम तीव्रता का भूकंप, मामूली प्रभाव की संभावना
विशेषज्ञों के अनुसार, 5.5 तीव्रता का भूकंप मध्यम श्रेणी का होता है, जिससे केंद्र के आसपास के इलाकों में मामूली प्रभाव पड़ सकता है। खासकर, पुरानी और कमजोर इमारतों में दरारें आने या हल्की क्षति होने की संभावना रहती है। हालांकि, इस भूकंप से किसी गंभीर क्षति की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *