दो लाख भक्तों को हनुमान चालीसा देगा पटना का महावीर मन्दिर, रामनवमी की तैयारियां जोरों शोरों पर

By: PalPal India News
March 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमहावीर मन्दिर के नैवेद्यम प्रभारी आर शेषाद्री ने बताया कि रामनवमी के लिए 20 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किया जाएगा। तिरुपति के लगभग 100 दक्ष कारीगरों की टीम गाय के शुद्ध घी में नैवेद्यम तैयार करेगी।

हनुमानजी के दो विग्रहों वाले पटना के प्रसिद्ध महावीर मन्दिर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। एक दिन पूर्व से ही श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर महावीर मन्दिर के गर्भगृह में विराजमान हनुमानजी के दोनों विग्रहों और राम दरबार के दर्शन और नैवेद्यम प्रसाद चढ़ाने के लिए घंटों इंतजार करते हैं। पटना के प्रसिद्ध महावीर मन्दिर द्वारा रामनवमी के दिन दो लाख भक्तों के बीच हनुमान चालीसा का वितरण किया जाएगा। 6 अप्रैल को रामनवमी के दिन महावीर मन्दिर में  लाखों भक्तों के पहुंचने की संभावना है। इसको देखते हुए महावीर मन्दिर प्रबंधन की ओर से तैयारी की जा रही है। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महावीर मन्दिर द्वारा कई इंतजाम किए जा रहे हैं।

पानी और शरबत की व्यवस्था

पटना जंक्शन स्थित महावीर मन्दिर से वीर कुंवर सिंह पार्क तक लोहे रेलिंग के साथ पंडाल बनाया जा रहा है। महावीर मन्दिर से वीर कुंवर सिंह पार्क तक बन रहे टेंट आच्छादित भक्त मार्ग में सैकड़ों लाइट और पंखे लगाये जा रहे हैं। रामनवमी के दिन भक्तों के लिए रास्ते भर कई जगहों पर पानी और शरबत की व्यवस्था रहेगी। जगह-जगह चलंत शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। महावीर मन्दिर के सामने से लेकर वीर कुंवर सिंह पार्क के भीतर तक कुल 13 नैवेद्यम काउंटर लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *