‘शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण’: क्रिकेटर यश दयाल पर महिला ने लगाए गंभीर आरोप

By: PalPal India News
June 29, 2025

नई दिल्ली. टीम इंडिया और आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल एक गंभीर विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर पांच साल तक मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसने 14 जून को गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सार्वजनिक शिकायत पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कराई। सीएम ऑफिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए इंदिरापुरम सर्किल ऑफिसर से 21 जुलाई तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

महिला की ओर से दर्ज एफआईआर में कहा गया है, “मैं पिछले पांच वर्षों से यश दयाल के साथ रिश्ते में थी। उन्होंने मुझे शादी का वादा किया, अपने परिवार से मिलवाया और एक पति की तरह व्यवहार किया। इस विश्वास में मैं पूरी तरह उनके साथ जुड़ गई।”

शिकायत में यह भी आरोप है कि जब महिला ने यश से शादी की बात की, तो उन्होंने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इसके अलावा महिला ने यह भी दावा किया है कि यश ने उसका आर्थिक शोषण किया और कई अन्य लड़कियों को भी इसी तरह धोखा दिया है।

महिला का कहना है कि उसके पास यश दयाल के खिलाफ पर्याप्त डिजिटल सबूत मौजूद हैं, जिनमें चैट रिकॉर्ड्स, वीडियो कॉल्स, स्क्रीनशॉट्स और फोटोग्राफ्स शामिल हैं। उसने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके। एफआईआर में महिला ने लिखा, “यह मामला केवल मेरे लिए नहीं, बल्कि उन सभी लड़कियों के लिए भी महत्वपूर्ण है जो इस तरह के भावनात्मक धोखे और शोषण का शिकार होती हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *