पीएम मोदी ने म्यांमार और थाईलैंड में आए भीषण भूकंप पर हर संभव मदद का दिया आश्वासन

By: PalPal India News
March 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिम्यांमार और थाइलैंड में आए शक्तिशाली भूकंप से जानमाल का काफी नुकसान हुआ है। पीएम मोदी ने कहा कि इस घड़ी में भारत दोनों देशों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है। कई ऊंची-ऊंची बिल्डिंगें गिर गईं हैं। सड़कों पर मलबा बिखरा पड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को म्यांमार और थाईलैंड में भीषण भूंकप के कारण उत्पन्न स्थिति पर चिंता जताई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के मद्देनजर पैदा हुई स्थिति से चिंतित हूं। सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं। भारत हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।’

भारतीय अधिकारियों को तैयार रहने का निर्देश

इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि इस संबंध में भारतीय अधिकारियों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के संपर्क में रहने को भी कहा गया है।

10 किलोमीटर की गहराई पर आया भूकंप

दक्षिण पूर्व एशिया में शुक्रवार को दो भीषण भूकंप आए, जिससे थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक और पड़ोसी देश म्यांमार में इमारतें हिल गईं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। शुरुआती खबरों के अनुसार, अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण और जर्मनी के जीएफजेड भूविज्ञान केंद्र ने बताया कि दोपहर को यह भूकंप 10 किलोमीटर (6.2 मील) की गहराई पर आया। इसका केंद्र पड़ोसी देश म्यांमार में था। इसके 12 मिनट बाद 6.4 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *