पोर्ट लुईस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय राजकीय दौरे पर मंगलवार को मॉरीशस पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मॉरीशस के राष्ट्रपति धर्म गोखूल (Dharam Gokhool) से मुलाकात की और उन्हें भारत की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक माने जाने वाले महाकुंभ का गंगाजल उपहार में दिया। इसके साथ ही, पीएम मोदी ने राष्ट्रपति को बिहार का प्रसिद्ध मखाना भी भेंट किया, जिसे भारत में सुपरफूड के रूप में जाना जाता है। यह न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि भारत की समृद्ध कृषि परंपरा का भी प्रतीक है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस की प्रथम महिला को भारत की प्रसिद्ध बनारसी साड़ी उपहार में दी। यह साड़ी रॉयल ब्लू रंग और चांदी की बारीक जरी कढ़ाई से सजी हुई थी। इस खास तोहफे को गुजरात के सादेली बॉक्स में पैक किया गया था, जो अपनी अनोखी कारीगरी के लिए प्रसिद्ध है और कीमती चीजों को संजोने के लिए उपयोग किया जाता है। राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से भी महत्वपूर्ण बातचीत की। दोनों नेताओं ने सर शिवसागर रामगुलाम बॉटनिकल गार्डन में एक पौधा लगाया, जो भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।
करीब एक दशक बाद मॉरीशस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम और अन्य गणमान्य नेताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह भारत और मॉरीशस के गहरे संबंधों को दर्शाता है।” इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के राष्ट्रीय नायक शिवसागर रामगुलाम को श्रद्धांजलि अर्पित की और फिर राजकीय भोज में शामिल हुए। इस दौरे को भारत और मॉरीशस के ऐतिहासिक व मजबूत संबंधों को और अधिक गहराई देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।