नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नीति आयोग की 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए देश को विकसित बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के आपसी सहयोग पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर सभी राज्य और केंद्र सरकार मिलकर ‘टीम इंडिया’ की भावना से काम करें, तो देश की कोई भी मंज़िल दूर नहीं है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमें विकास की गति को तेज़ करना होगा और यह तभी संभव है जब केंद्र और राज्य एकजुट होकर प्रयास करें। जब हम मिलकर काम करेंगे, तभी हर सपना साकार होगा।”
इस बार बैठक का मुख्य विषय था – ‘विकसित राज्य से विकसित भारत @2047’। पीएम मोदी ने कहा कि भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना हर भारतीय का सपना है, और यह लक्ष्य तभी हासिल होगा जब देश का हर राज्य विकास की दौड़ में आगे बढ़े।
यह बैठक इसलिए भी खास रही क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों के साथ पहली बड़ी बातचीत थी। बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे। नीति आयोग की इस सर्वोच्च संस्था के अध्यक्ष खुद प्रधानमंत्री मोदी हैं।
बैठक के अंत में प्रधानमंत्री का यह संदेश हर भारतीय को प्रेरित करने वाला था – “अगर हम सब एकजुट होकर एक टीम की तरह काम करें, तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।”