इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 31 मई को इंदौर मेट्रो का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर इंदौर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी उस दिन भोपाल में मौजूद रहेंगे, जहां वे देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण महासमागम’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान वे इंदौर मेट्रो सेवा का वर्चुअल रूप से शुभारंभ करेंगे।
राज्य के शहरी विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करते हुए घोषणा की कि मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद प्रारंभिक 7 दिनों तक यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने इसे इंदौरवासियों के लिए एक उपहार बताया और कहा कि यह कदम मेट्रो सेवा को लोकप्रिय बनाने में सहायक सिद्ध होगा। इस मौके पर मंत्री विजयवर्गीय ने यह भी घोषणा की कि गांधीनगर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर अब ‘मां अहिल्या टर्मिनल’ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह नामकरण देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में किया जा रहा है, जो श्रद्धांजलि और कृतज्ञता का प्रतीक है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा की शुरुआत करेंगे। यह कॉरिडोर लगभग 6 किलोमीटर लंबा है और मेट्रो की येलो लाइन का हिस्सा है। इसमें प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे, जिनकी जानकारी उद्घाटन समारोह में साझा की जाएगी।