पीएम मोदी का भोपाल दौरा: इंदौर मेट्रो, एयरपोर्ट और घाटों की परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन

By: PalPal India News
May 31, 2025

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी और महिलाओं को संबोधित करते हुए सशक्तिकरण का संदेश दिया। प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10:50 बजे भोपाल के स्टेट हैंगर पहुंचे और वहां से सीधे जंबूरी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित महासम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सशक्त संदेश देने के संकेत भी दिए।

कार्यक्रम में सुरक्षा की कमान विशेष रूप से महिला सुरक्षाकर्मियों के हाथ में थी। पहली बार किसी पीएम कार्यक्रम में 50% से अधिक महिला अधिकारी तैनात रहीं। कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड और अन्य अहम स्थानों पर महिला पुलिस बल की जिम्मेदारी थी। सुरक्षा की जिम्मेदारी स्पेशल डीजी सोनाली मिश्रा के नेतृत्व में निभाई गई। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने यू-आकार के रोड शो मार्ग पर पैदल चलकर लोगों का अभिवादन किया। साथ ही उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर पर आधारित एक डाक टिकट और 300 रुपये मूल्य का स्मृति सिक्का भी जारी किया।

प्रधानमंत्री ने इंदौर मेट्रो की येलो लाइन के तहत 6 किमी लंबे ‘सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर’ का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें 5 स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने सतना (37 करोड़ रुपये) और दतिया (60 करोड़ रुपये) में निर्मित नए एयरपोर्ट्स का भी उद्घाटन किया। ये परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी और पर्यटन को मजबूती प्रदान करेंगी पीएम मोदी ने उज्जैन में 2028 सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों के तहत शिप्रा नदी पर 29 किमी लंबे घाट निर्माण कार्य (लागत ₹778.91 करोड़) का वर्चुअल भूमिपूजन भी किया। प्रधानमंत्री ने 1,271 नए अटल ग्राम सेवा सदनों के निर्माण के लिए पहली किस्त (₹483 करोड़) जारी की। यह ग्रामीण विकास और प्रशासनिक सुविधा को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।

देवी अहिल्याबाई पुरस्कार और महिला सम्मान

कार्यक्रम में पारंपरिक, आदिवासी और लोक कलाओं में विशेष योगदान देने वाली महिलाओं को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है मंच पर पीएम मोदी के साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव, डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित महिला मंत्री—संपतिया उइके, निर्मला भूरिया, कृष्णा गौर, प्रतिमा बागरी, राधा सिंह और भोपाल की महापौर मालती राय मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *