मऊगंज. मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें ASI रामचरण गौतम की मौत हो गई और कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गड़रा गांव की है, जहां एक युवक को बंधक से छुड़ाने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। घटना होली के दिन की है, जब आदिवासियों के एक समूह ने गांव के एक युवक को बंधक बना लिया था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम शनिवार को युवक को बचाने पहुंची, लेकिन भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें शाहपुर थाना प्रभारी संदीप भारती भी शामिल हैं। घायल ASI रामचरण गौतम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
क्या है पूरा मामला- गांव में पहले से तनाव था। आदिवासियों का आरोप था कि दो महीने पहले उनके परिवार के एक सदस्य की हत्या कर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने युवक को बंधक बनाकर पीट-पीटकर मार डाला। जब पुलिस युवक को बचाने पहुंची, तो भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
रीवा के SP विवेक सिंह ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। धारा 144 लागू कर दी गई है और पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। घटना के बाद प्रभारी IG, कलेक्टर, SP, ASP और अन्य अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस ने अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है।