पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार रात वाहन चेंकिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रुप से घायल हो गए। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक वाहन रुकवाया, जिसकी चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चेकिंग के लिए खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला पुलिसकर्मी की मौत हो गई।
इलाज को दौरान महिला पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पटना में सीनियर एसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया था। इसी दौरान पटना के अटल पथ पटना पुलिस वाहन जांच कर रही थी। रात में लगभग 12:00 के करीब एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया। इस हादसे में एक दरोगा, एक एएसआई और एक महिला कांस्टेबल शामिल घायल हुए।
एसपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने वाले वाहन का चालक फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। ये दोनों लोग हादसे के समय कार में सवार थे। हादसे में घायल हुईं महिला कांस्टेबल कोमल कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य दो पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है।
हादसे के समय वाहन चेकिंग चल रही थी। ऐसे में मीडियाकर्मी भी मौके पर मौजूद थे और पुलिस की कार्रवाई के बारे में जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। ऐसे में पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया।