बॉलीवुड अभिनेत्री और फिल्ममेकर पूजा भट्ट अब एक नई भूमिका में नजर आने वाली हैं। वह जल्द ही आईहार्टपॉडकास्ट पर ‘द पूजा भट्ट शो’ लेकर आ रही हैं, जहां वह अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़ी कहानियां, अनुभव और इंडस्ट्री के अनसुने किस्से साझा करेंगी।
पूजा भट्ट ने कहा कि इस पॉडकास्ट के जरिए वह अपने जीवन की यात्रा और फिल्म इंडस्ट्री में मिले अनुभवों को खुलकर दर्शकों के सामने लाना चाहती हैं। उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि लोग इस शो से जुड़ेंगे और इससे प्रेरणा भी लेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “आईहार्टमीडिया के साथ मिलकर ‘द पूजा भट्ट शो’ शुरू करना मेरे लिए गर्व की बात है। भारतीय सिनेमा में ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने हमारे सांस्कृतिक परिदृश्य को आकार देने में अहम भूमिका निभाई है। इस शो के जरिए मैं अभिनेताओं, निर्देशकों, संगीतकारों, निर्माताओं और स्टाइलिस्टों समेत कई प्रेरक हस्तियों की कहानियां सामने लाना चाहती हूं—वो लोग जिन्होंने मेरी यात्रा को दिशा दी और मुझे प्रेरित किया।”
आईहार्टपॉडकास्ट के अध्यक्ष विल पियर्सन ने भी इस साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा, “पूजा भट्ट भारतीय रचनात्मक जगत की एक प्रतिष्ठित शख्सियत हैं। हमें विश्वास है कि उनका अनुभव और दृष्टिकोण पॉडकास्ट के श्रोताओं को एक नई और दिलचस्प झलक देगा। भारतीय फिल्म, संगीत और संस्कृति का वैश्विक प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है और पूजा की आवाज इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
यह शो आईहार्टमीडिया और मैमथ मीडिया एशिया की साझेदारी में लॉन्च किया जा रहा है, जो दोनों का मिलाकर पहला पॉडकास्ट प्रोजेक्ट होगा।
‘द पूजा भट्ट शो’ को पूजा खुद होस्ट करेंगी और इसका प्रसारण सितंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा। दावा है कि शो में बॉलीवुड की चकाचौंध से लेकर पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों—जैसे डायरेक्टर्स, सुपरस्टार्स, बैकग्राउंड डांसर्स और स्पॉट बॉयज़—सभी की कहानियों को शामिल किया जाएगा।