श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में ऐतिहासिक विकास कार्यों की एक नई शुरुआत की। उन्होंने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का तिरंगा दिखाकर उद्घाटन किया। यह ब्रिज उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है और कश्मीर को पूरे देश से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे चिनाब आर्च ब्रिज पर पहुंचे और वहां से भारत के पहले केबल-स्टे ब्रिज — अंजी ब्रिज — तक विशेष रेल इंजन में सफर किया। अंजी ब्रिज का भी उन्होंने उद्घाटन किया। इसके बाद वे कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने कटरा से श्रीनगर तक चलने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। नॉर्दर्न रेलवे ने जानकारी दी है कि कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस 7 जून से नियमित रूप से चलाई जाएगी। यह सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी। शुरुआत में ट्रेन सिर्फ बनिहाल स्टेशन पर रुकेगी, अन्य स्टॉपेज का निर्णय बाद में लिया जाएगा।
ट्रेन में दो श्रेणियां होंगी — चेयर कार का किराया ₹715 और एग्जीक्यूटिव क्लास का ₹1320 तय किया गया है। यह ट्रेन जम्मू से कश्मीर के बीच का 8–10 घंटे का सफर महज 3 घंटे में पूरा करेगी। इससे न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि मौसम की मार से बार-बार कटने वाली घाटी को भी स्थायी रेल संपर्क मिल जाएगा।