प्रधानमंत्री मोदी का केरल और आंध्र प्रदेश दौरा आज, कई बड़ी परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

By: PalPal India News
May 2, 2025

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल और आंध्र प्रदेश के दौरे पर हैं, जहां वे समुद्री बंदरगाह समेत कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। दौरे की शुरुआत केरल से हुई है, जहां वे विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह के उद्घाटन समारोह में शामिल हो रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को पीएम मोदी महाराष्ट्र के दौरे पर थे, जिसके बाद शाम को वे केरल पहुंचे।

शशि थरूर ने प्रधानमंत्री के आगमन पर जताई प्रसन्नता

केरल दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर देरी के बावजूद मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्वागत करने के लिए समय पर तिरुवनंतपुरम पहुंच सका। विझिनजाम बंदरगाह के आधिकारिक उद्घाटन का मैं बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मुझे गर्व है कि मैं इस परियोजना से शुरुआत से जुड़ा रहा हूं।”

करीब 8,867 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ विझिनजाम बंदरगाह

प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उद्घाटन किया जा रहा विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह करीब 8,867 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनकर तैयार हुआ है। इस बंदरगाह को पिछले वर्ष दिसंबर में सफल परीक्षणों के बाद वाणिज्यिक कमीशनिंग प्रमाणपत्र प्रदान किया गया था।

व्यापार और लॉजिस्टिक्स में भारत की भूमिका होगी सशक्त

इस परियोजना को केरल को वैश्विक समुद्री नक्शे पर एक प्रमुख स्थान दिलाने के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से भारत की अंतरराष्ट्रीय व्यापार और नौवहन में भूमिका और अधिक सशक्त होगी। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस अवसर को “सिर्फ एक बंदरगाह का उद्घाटन नहीं, बल्कि भारतीय व्यापार और लॉजिस्टिक्स में एक नए युग की शुरुआत” बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *