पंजाब किंग्स पहली क्वालिफायर में पहुंचने वाली टीम, मुंबई इंडियंस खेलेगी एलिमिनेटर

By: PalPal India News
May 27, 2025

नई दिल्ली। जोश इंग्लिश और प्रियांश आर्या की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराकर क्वालिफायर-1 में जगह बना ली। सोमवार को खेले गए इस अहम मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 184 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया पंजाब किंग्स ने एक दशक बाद क्वालिफायर में प्रवेश किया है। पिछली बार 2014 में टीम क्वालिफायर में पहुंची थी। इस बार श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने लीग स्टेज में 14 में से 9 मुकाबले जीते और 19 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में पहले स्थान पर रही। वहीं, मुंबई इंडियंस 8 जीत और 6 हार के साथ चौथे नंबर पर रही।

तीसरे स्थान पर फिलहाल आरसीबी है, जिसे मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स से भिड़ना है। अगर रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी यह मैच जीतती है, तो वह दूसरे नंबर पर पहुंच जाएगी और 29 मई को क्वालिफायर-1 में पंजाब से भिड़ेगी। मुंबई इंडियंस 30 मई को एलिमिनेटर खेलेगी 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब को पहला झटका 34 रन पर लगा जब जसप्रीत बुमराह ने प्रभसिमरन सिंह (13 रन) को आउट किया। इसके बाद प्रियांश आर्या और जोश इंग्लिश ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। प्रियांश ने 62 रन (9 चौके, 2 छक्के) और इंग्लिश ने 42 गेंदों में 73 रन (6 चौके, 3 छक्के) की शानदार पारी खेली। अंत में कप्तान श्रेयस अय्यर ने 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि नेहाल वढेरा 2 रन पर नाबाद रहे।

मुंबई की शुरुआत अच्छी रही, रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। यानसेन ने रिकेल्टन (27 रन) को आउट किया, जबकि रोहित (24 रन) जल्द ही पवेलियन लौटे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला और 39 गेंदों में 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली मुंबई की ओर से तिलक वर्मा (1), विल जैक्स (26), हार्दिक पांड्या (26) और नमन धीर (20) ने छोटे-छोटे योगदान दिए। गेंदबाजी में पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह, मार्को यानसेन और विजयकुमार विशाक ने दो-दो विकेट झटके, जबकि हरप्रीत बराड़ को एक सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *