नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 54वें मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह की विस्फोटक बल्लेबाज़ी ने धर्मशाला के ठंडे मौसम को भी गर्म कर दिया। सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 48 गेंदों पर 91 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें सात छक्के और छह चौके शामिल थे। हालांकि वे अपने दूसरे आईपीएल शतक से सिर्फ 9 रन दूर रह गए।
उनकी इस धुआंधार बल्लेबाज़ी की बदौलत पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 236 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में लखनऊ की टीम 199 रन ही बना सकी और पंजाब ने मुकाबला 37 रन से जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में मज़बूती से कदम रख दिया। अब पंजाब के 15 अंक हो गए हैं और वह अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
लखनऊ की प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए तेज़ गेंदबाज़ आकाश सिंह ने पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य को पवेलियन भेजकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन इसके बाद प्रभसिमरन और जोश इंग्लिस (30 रन) ने मिलकर लखनऊ के गेंदबाज़ों की बखिया उधेड़ दी। इंग्लिस ने मयंक यादव को एक ओवर में तीन छक्के लगाए, वहीं प्रभसिमरन ने अगले ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़कर तूफानी अंदाज में रन बटोरे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की।
प्रभसिमरन ने 30 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और लगातार तीसरे मैच में फिफ्टी लगाई। वह पंजाब के लिए लगातार तीन अर्धशतक लगाने वाले तीसरे ओपनर बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि क्रिस गेल और केएल राहुल के नाम रही है। कप्तान श्रेयस अय्यर (45 रन) के साथ उन्होंने 78 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन का शतक तय लग रहा था, लेकिन दिग्वेश राठी की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने के प्रयास में वे निकोलस पूरन को कैच थमा बैठे।
इसके अलावा पंजाब की ओर से शशांक सिंह (33 रन, 15 गेंद), मार्कस स्टोइनिस (15 रन, 5 गेंद) और नेहल वढेरा (16 रन, 9 गेंद) ने भी तेजी से रन बनाए। लखनऊ की ओर से मयंक यादव (4 ओवर, 60 रन) और आवेश खान (4 ओवर, 57 रन) सबसे महंगे साबित हुए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। आकाश सिंह व दिग्वेश राठी को 2-2 विकेट मिले।
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। अर्शदीप सिंह ने पावरप्ले में ही तीन विकेट लेकर लखनऊ को बैकफुट पर धकेल दिया। उन्होंने मिचेल मार्श, एडेन मार्कराम और निकोलस पूरन को आउट किया। तीसरे ओवर में दो और पांचवें ओवर में एक विकेट लेकर उन्होंने लखनऊ की कमर तोड़ दी।
कप्तान ऋषभ पंत (18 रन, 17 गेंद) एक बार फिर फ्लॉप रहे और स्लॉग शॉट खेलने की कोशिश में कैच आउट हो गए। इस सीजन में पंत केवल एक अर्धशतक (63 रन बनाम CSK) ही लगा पाए हैं। डेविड मिलर (11 रन) भी प्रभावित नहीं कर सके। लोअर ऑर्डर में अब्दुल समद ने 25 गेंदों में 45 रन बनाकर थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन वे मार्को यानसेन की गेंद पर कैच आउट हो गए।
आयुष बदोनी ने संघर्ष करते हुए 74 रनों की पारी खेली, लेकिन जीत के लिए वह काफी नहीं थी। चहल की गेंद पर अर्शदीप के हाथों कैच होकर वह भी पवेलियन लौटे। आवेश खान (19 रन*) और प्रिंस यादव (1 रन*) नाबाद लौटे।
पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने 4 ओवर में केवल 16 रन देकर 4 विकेट झटके। उमरजई को 2, जबकि यानसेन और चहल को 1-1 विकेट मिला। हालांकि, चहल (4 ओवर, 50 रन) और विजयकुमार (3 ओवर, 49 रन) महंगे साबित हुए।