क्वाड देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की, पाकिस्तान को लगाई फटकार

By: PalPal India News
July 2, 2025

वॉशिंगटन, अमेरिका: क्वाड देशों — भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान — ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की तीखी आलोचना करते हुए आतंकवाद के खिलाफ मिलकर कार्रवाई की प्रतिबद्धता दोहराई है। यह बयान 1 जुलाई को वॉशिंगटन में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद जारी किया गया।

क्वाड की ओर से जारी संयुक्त बयान में 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की गई, जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की जान चली गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।

बैठक में सभी देशों ने एकमत से कहा:

  • “हम आतंकवाद के सभी स्वरूपों की निंदा करते हैं, विशेष रूप से सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद की।”

  • “हम मांग करते हैं कि इस जघन्य हमले के जिम्मेदार अपराधियों, साजिशकर्ताओं और आर्थिक मदद करने वालों को शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जाए।”

  • “हम पीड़ितों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

क्वाड ने संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देशों से अपील की है कि वे इस हमले की जांच में अधिकारियों को पूरा सहयोग दें ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके।

इस बयान को क्षेत्रीय सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग के लिहाज से एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *