रबी सीजन: केंद्र ने 3.1 करोड़ टन गेहूं खरीद का लक्ष्य तय किया

By: PalPal India News
March 1, 2025

नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने रबी विपणन सत्र 2025-26 के लिए 3.1 करोड़ टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कृषि मंत्रालय ने फसल वर्ष 2024-25 (जुलाई-जून) में गेहूं उत्पादन का लक्ष्य 11.5 करोड़ टन रखा है, लेकिन इसके बावजूद खरीद लक्ष्य अपेक्षाकृत कम रखा गया है।

शुक्रवार को राज्यों के खाद्य सचिवों के साथ हुई बैठक में गेहूं, धान और मोटे अनाज की खरीद को लेकर चर्चा की गई। तय किए गए लक्ष्य के अनुसार, सरकार रबी विपणन सत्र 2025-26 में 70 लाख टन चावल और 16 लाख टन मोटे अनाज खरीदेगी। पिछले सत्र 2024-25 में सरकारी गेहूं खरीद का लक्ष्य 3 से 3.2 करोड़ टन था, लेकिन वास्तविक खरीद 2.66 करोड़ टन तक ही पहुंच सकी। हालांकि, यह आंकड़ा 2023-24 में खरीदे गए 2.62 करोड़ टन से अधिक है।

बैठक में खाद्य मंत्रालय ने गेहूं और अन्य अनाज की खरीद व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ मिले और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के लिए पर्याप्त अनाज उपलब्ध हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *