मथुरा में रंगों की बरसात: प्रेम मंदिर और कृष्ण जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं ने मनाई होली

By: PalPal India News
March 14, 2025

मथुरा। पूरे देश में रंगों के त्योहार होली की धूम मची हुई है। लोग सुबह से ही एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और रंगों से सराबोर होकर इस पर्व का आनंद ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में भी होली का उल्लास चरम पर है। विशेष रूप से वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर और श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर के बाहर श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्र हुए और गुलाल उड़ाकर होली खेली। मथुरा की होली की खास बात यह है कि यहां श्रद्धालु पूरे दिन इस उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।

मथुरा के प्रसिद्ध श्री कृष्ण जन्मस्थान मंदिर के बाहर भी होली का उल्लास देखते ही बन रहा था। भक्तों ने इस पावन स्थल पर एकत्र होकर रंगों और गुलाल के साथ होली खेली। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ-साथ पारंपरिक होली गीतों की धुन पर श्रद्धालुओं ने नृत्य कर रंगों की मस्ती का आनंद लिया।

हालांकि होली पूरे उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाई जाती है, लेकिन मथुरा की होली सबसे प्रसिद्ध मानी जाती है। यह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है, इसलिए यहां की होली कृष्ण भक्तों के बीच एक विशेष उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है।

मथुरा की होली में पारंपरिक रासलीला, रंगों की बौछार, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं का असीम उत्साह देखने को मिलता है। मथुरा और वृंदावन में होली के समय लट्ठमार होली का आयोजन भी किया जाता है, जिसमें महिलाएं पुरुषों को रंगों से सराबोर कर लाठियों से परंपरागत अंदाज में होली खेलती हैं। मथुरा की होली में भक्ति, प्रेम और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलता है। हर साल यहां देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु आते हैं और रंगों की इस दिव्य होली का आनंद लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *