अयोध्या। राम मंदिर के प्रथम तल पर स्थित राम दरबार में अभिजीत मुहूर्त के दौरान विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। यह कार्यक्रम मंगलवार को 11:25 बजे से 11:40 बजे तक चला, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष पूजा-अर्चना की। राम दरबार में भगवान श्रीराम, माता सीता, तीनों भाई – लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न – तथा भगवान हनुमान की भव्य मूर्तियां स्थापित की गई हैं। इन मूर्तियों को राजस्थान के जयपुर में तैयार किया गया और मकराना के प्रसिद्ध सफेद संगमरमर से तराशा गया है। भगवान राम और माता सीता सिंहासन पर विराजमान हैं, जबकि भरत और हनुमान उनके चरणों के समीप स्थित हैं।
इस शुभ अवसर पर सूरत के उद्योगपति मुकेश पटेल ने राम दरबार के लिए हीरे, सोना और चांदी से बने बहुमूल्य आभूषण दान किए हैं। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश नेवादिया के अनुसार, इन आभूषणों में एक हजार कैरेट हीरे, 300 कैरेट रूबी, 30 किलो चांदी और 300 ग्राम सोने का उपयोग किया गया है। कुल मिलाकर 11 मुकुट तैयार किए गए हैं, साथ ही गले के हार, कानों के कुंडल, मस्तक पर तिलक और चारों भाइयों के लिए धनुष-बाण भी बनाए गए हैं।