जयपुर, 10 अप्रैल। राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने एक गंभीर मामले में राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) के अधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उक्त अधिकारी ने वर्ष 2021 की पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा में दो उम्मीदवारों की जगह ‘डमी’ परीक्षार्थी के रूप में भाग लिया था।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक वी. के. सिंह ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए अधिकारी का नाम हनुमानाराम है, जो वर्तमान में जैसलमेर जिले के फतेहगढ़ में उपखंड अधिकारी (SDM) के पद पर तैनात हैं। उन्हें बुधवार रात जैसलमेर से जयपुर लाकर गिरफ्तार किया गया। सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि हनुमानाराम ने एसआई भर्ती परीक्षा 2021 में दो अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा दी थी। इस आधार पर उनके खिलाफ साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई।
गिरफ्तार आरएएस अधिकारी को गुरुवार को जयपुर की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले से जुड़ी आगे की जांच जारी है।