वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा के रिश्ते में दरार, दहेज उत्पीड़न के आरोप

By: PalPal India News
February 26, 2025

हरियाणा। हरियाणा की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा और भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा की शादी टूटने की कगार पर पहुंच गई है। बूरा ने हुड्डा पर एक करोड़ रुपये और फॉर्च्यूनर गाड़ी मांगने का आरोप लगाया है, जबकि हुड्डा ने स्वीटी और उनके परिवार पर संपत्ति हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ रोहतक और हिसार पुलिस थानों में शिकायतें दर्ज करवाई हैं।

स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा की शादी 7 जुलाई 2022 को हुई थी। बूरा का कहना है कि उनके माता-पिता ने शादी में एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चार दिन पहले दीपक और उनकी बहन ने फॉर्च्यूनर गाड़ी की मांग की और उन पर खेल छोड़ने का दबाव बनाया। बूरा के अनुसार, अक्टूबर 2024 में दीपक ने उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।

बूरा ने कोर्ट में तलाक और खर्चे का केस दायर कर दिया है, जिसमें उन्होंने 50 लाख रुपये मुआवजे और 1.5 लाख रुपये मासिक खर्च की मांग की है। हिसार पुलिस के एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि दीपक हुड्डा को नोटिस देकर जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए।

दीपक हुड्डा ने रोहतक पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि बूरा के माता-पिता ब्याज पर पैसे देने के बहाने उनसे रुपये ठगते रहे और स्वीटी शादी तोड़ने की धमकी देती थी। हुड्डा का कहना है कि वह रिश्ता बचाना चाहते हैं, लेकिन बूरा अलग होना चाहती हैं। फरवरी 2024 में स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा ने भाजपा जॉइन की थी। हुड्डा ने महम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, जबकि बूरा बरवाला सीट से टिकट मांग रही थीं, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। स्वीटी बूरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दीपक के सभी फोटो हटा दिए हैं, जिससे दोनों के रिश्ते में दरार और गहरी होती दिख रही है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *