भोपाल। आईपीएल 2025 के 18वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रच दिया है। पहली बार खिताब जीतने वाली इस टीम की कप्तानी मध्यप्रदेश के रजत पाटीदार ने की, जिनके नेतृत्व में आरसीबी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने फाइनल मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को 6 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 9 विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 7 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। इस रोमांचक मुकाबले में कुणाल पांड्या को शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
रजत पाटीदार को आईपीएल 2025 के लिए कप्तान बनाए जाने का फैसला चौंकाने वाला था, लेकिन उन्होंने इस जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाया। विराट कोहली की कप्तानी में खिताब से दूर रही आरसीबी इस बार न केवल चैंपियन बनी, बल्कि कोहली, क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गजों की वर्षों की मेहनत का सपना भी पूरा हुआ। जीत के बाद कोहली की आंखों में नजर आई खुशी इस ऐतिहासिक जीत की अहमियत बयां कर रही थी।
रजत पाटीदार ने 2021 में आरसीबी से आईपीएल में कदम रखा था, लेकिन शुरुआत ज्यादा प्रभावशाली नहीं रही। मात्र 20 लाख की कीमत पर खरीदे गए रजत सिर्फ चार मैच ही खेल सके और फिर टीम से रिलीज कर दिए गए। 2022 में उन्हें नीलामी में नहीं खरीदा गया, लेकिन टूर्नामेंट के दौरान लवनीत सिसोदिया के चोटिल होने पर उन्हें बतौर सब्स्टीट्यूट टीम में शामिल किया गया।
इस मौके को रजत ने बखूबी भुनाया। एलिमिनेटर मैच में 54 गेंदों पर नाबाद 112 रन की पारी खेल उन्होंने खुद को साबित किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2024 में 15 मैचों में 395 रन बनाए, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 177.53 रहा।