सलमान खान और रश्मिका मंदाना स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ का पहला गाना ‘जोहरा जबीं’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा है। शानदार बीट्स, भव्य विजुअल्स और दमदार कोरियोग्राफी के साथ यह गाना ईद के जश्न को और खास बना रहा है। साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन और ए.आर. मुरुगदॉस के निर्देशन में बनी इस फिल्म के इस गाने ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। गाने में सलमान खान और रश्मिका मंदाना की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। सलमान के शानदार डांस मूव्स और रश्मिका की दिलकश अदाओं ने इस गाने को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है। फराह खान की कोरियोग्राफी और प्रीतम के जबरदस्त म्यूजिक ने इसे पूरी तरह से एक ग्रैंड म्यूजिकल ट्रीट बना दिया है।
गाने को एक शानदार और रंगीन सेट पर शूट किया गया है, जिसमें ढेरों डांसर्स की एनर्जी और जबरदस्त विजुअल्स इसे एक परफेक्ट पार्टी नंबर बना देते हैं। नक्श अज़ीज और देव नेगी की जोशीली आवाज़ ने गाने को और दमदार बना दिया है, जबकि समीर और दानिश साबरी के शानदार बोल इसे यादगार बनाते हैं। जैसे-जैसे ‘सिकंदर’ की रिलीज़ डेट नजदीक आ रही है, ‘जोहरा जबीं’ इस ग्रैंड फिल्म की झलक पेश कर रहा है। एक्शन, इमोशन और ड्रामा से भरपूर यह फिल्म 2025 की ईद पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।