पलपल इंडिया प्रतिनिधि,नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश कैडर के 1992 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी मनीष शर्मा नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली गए थे, जहां रविवार देर रात अचानक हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। शर्मा ने संयुक्त राष्ट्र में, केंद्र में और मध्य प्रदेश में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दीं। उनके पिता कृपा शंकर शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके हैं। उनके निधन से पुलिस विभाग और उनके मित्रों में शोक की लहर है।
मनीष शंकर शर्मा का जन्म मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में हुआ था और उन्होंने पुलिस सेवा में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। उन्होंने रायसेन, सतना, छिंदवाड़ा और खंडवा जिलों में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। इसके अलावा, उन्होंने 1997-98 में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत बोस्निया और हर्जेगोविना में कार्य किया, जहां उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया। मनीष शर्मा का कार्यक्षेत्र बहुत विस्तृत था, और उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में सुरक्षा निदेशक के रूप में भी अपनी भूमिका निभाई।
परिवार में शोक की लहर
मनीष शंकर शर्मा के पिता कृपा शंकर शर्मा मध्य प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव रहे थे, और उनके चाचा डॉ. सीताशरण शर्मा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष थे। उनके परिवार और पुलिस विभाग में उनके योगदान को याद करते हुए, उनके समर्पण, कड़ी मेहनत और ईमानदारी की सराहना की जा रही है। उनका निधन मध्य प्रदेश पुलिस और उनके सभी सहयोगियों के लिए एक गहरी क्षति है।
शिवराज ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शर्मा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि मध्यप्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक, रेल श्री मनीष शंकर शर्मा जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। मनीष शंकर शर्मा जी एक कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित पुलिस अधिकारी थे, जिन्होंने प्रशासनिक सेवा में अनुकरणीय योगदान दिया। उनका निधन पुलिस सेवा और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को इस कठिन समय में संबल दें। विनम्र श्रद्धांजलि!