राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, कई इलाकों में तापमान 48 डिग्री के करीब

By: PalPal India News
June 14, 2025

जयपुर। राजस्थान इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हालात भट्टी जैसे हो गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों तक राज्य के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों में लू, भीषण लू और गर्म रातों का दौर जारी रहेगा। श्रीगंगानगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे खतरनाक स्तर है। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में गर्मी और भी बढ़ सकती है।

आईएमडी के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। 15 जून से गरज-चमक और धूल भरी आंधी आने की संभावना है, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

14 जून के बाद पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में लू से राहत मिलने की संभावना है। इन इलाकों में फिलहाल लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं।

पश्चिमी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक तेज धूलभरी हवाएं चलने का पूर्वानुमान है, जिससे सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि 18 से 20 जून के बीच पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे कुछ हद तक राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *