वेब सीरीज ‘डब्बा कार्टेल’ में शालिनी पांडे का दमदार किरदार

By: PalPal India News
February 21, 2025

वेब सीरीज डब्बा कार्टेल का ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसमें दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी और ज्योतिका अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। इस क्राइम-थ्रिलर शो में अभिनेत्री शालिनी पांडे भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शालिनी ने बताया कि इस सीरीज का हिस्सा बनकर वह बेहद उत्साहित हैं।

शालिनी पांडे ने अपने किरदार राजी के बारे में बताते हुए कहा, “राजी एक सीधी-सादी, घरेलू लड़की है, लेकिन परिस्थितियां उसे पूरी तरह से बदल देती हैं। इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक नया अनुभव था, क्योंकि इसमें कई भावनात्मक मोड़ हैं।”

इसके अलावा, शालिनी ने शबाना आजमी और ज्योतिका जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता शबाना आजमी के बड़े प्रशंसक हैं। मैंने भी उनकी कई फिल्में देखी हैं और मैं खुद उनकी फैन हूं। इस शो में काम करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”

क्राइम-थ्रिलर से भरपूर है ‘डब्बा कार्टेल’- डब्बा कार्टेल की कहानी पांच मध्यमवर्गीय महिलाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने साधारण से दिखने वाले डब्बा बिजनेस के जरिए ड्रग कार्टेल की खतरनाक दुनिया में फंस जाती हैं। ट्रेलर में इन महिलाओं की रोमांचक यात्रा की झलक देखने को मिलती है, जहां वे और उनके परिवार एक अंडरवर्ल्ड के चक्रव्यूह में उलझ जाते हैं।

हितेश भाटिया द्वारा निर्देशित इस सीरीज को विष्णु मेनन और भावना खेर ने लिखा है। डब्बा कार्टेल का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले शिबानी अख्तर, विष्णु मेनन, गौरव कपूर और आकांक्षा सेडा ने किया है। यह शो 28 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।

इस वेब सीरीज में शबाना आजमी, गजराज राव, ज्योतिका, निमिषा सजयन, शालिनी पांडे, अंजलि आनंद, साईं ताम्हणकर, जीशु सेनगुप्ता, लिलेट दुबे और भूपेंद्र सिंह जाड़ावत प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *