पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बॉलीवुड की क्वीन और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने राजा रघुवंशी हत्याकांड पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी बेबाक राय रखने वाली कंगना ने इस बार अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए उस घटना पर गुस्सा जाहिर किया, जिसे लोग ‘मेघालय हनीमून मर्डर केस’ के नाम से जान रहे हैं। इस केस ने जितना रियल लाइफ में सनसनी फैलाई है, उतना ही ये एक क्राइम थ्रिलर फिल्म जैसा लगने लगा है।
इस बारे में बात करते हुए कंगना ने आगे कहा, ‘यह सुबह से मेरे दिमाग में घूम रहा है, लेकिन मैं इसे समझ नहीं पा रही हूं। वो तलाक भी ले सकती थी या प्रेमी के साथ भाग जाती, लेकिन हत्या की साजिश रच डाली। मूर्ख लोगों को कभी हल्के में नहीं लेना चाहिए। वे समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। हम उन पर हंसते हैं, लेकिन वे खतरनाक हो सकते हैं।’
कंगना ने सोनम रघुवंशी की योजना को क्रूर, जघन्य और मूर्खता से भरी हुई बताया है। कंगना का ये बयान उस वक्त आया है जब सोशल मीडिया और मीडिया चैनल इस केस को ‘रियल लाइफ जिस्म’ कहकर पेश कर रहे हैं, एक ऐसी कहानी, जिसमें प्यार, धोखा, लालच और कत्ल की मिस्ट्री फिल्मी पर्दे की तरह बुनती नजर आती है। इस हाई-प्रोफाइल केस में आरोपी सोनम रघुवंशी, जो हाल ही में अपने पति राजा के साथ शादी के बाद हनीमून पर गई थी, अब पति की हत्या की मुख्य साजिशकर्ता बन चुकी है।
Image Source : Instagram
राजा का शव 2 जून को मेघालय के वेइसावडोंग झरने के पास घाटी से मिला था। सोनम 23 मई से लापता थी और आखिरकार 17 दिन बाद उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में अजीब हालत में मिली। अब तक केस में चार और संदिग्ध सामने आए हैं, आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान, राज सिंह कुशवाह और आनंद। सभी को मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों से गिरफ्तार किया गया है। कंगना रनौत की तीखी प्रतिक्रिया के बाद अब फिल्ममेकर्स के लिए ये कहानी शायद अगली बड़ी क्राइम-ड्रामा फिल्म की जमीन बन सकती है, लेकिन कंगना साफ कर चुकी हैं कि यह मनोरंजन नहीं, एक चेतावनी है। कंगना ने अंत में कहा है, ‘अपने आस-पास के मूर्खों से सावधान रहें… क्योंकि मूर्खता कभी-कभी सबसे घातक हथियार बन जाती है।’