शिवपुरी: 23 हजार की रिश्वत लेते दो पटवारी गिरफ्तार, नामांतरण के बदले मांगी थी घूस

By: PalPal India News
February 20, 2025

ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील में तैनात दो पटवारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ये आरोपी जमीन नामांतरण के बदले 23,000 रुपये की घूस मांग रहे थे, जिसे लेते ही लोकायुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

शिकायत के बाद लोकायुक्त ने रची रणनीति
लोकायुक्त एसपी राजेश मिश्रा के अनुसार, पिछोर तहसील के ग्राम चीरवाहा निवासी शंकर लोधी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पटवारी दिग्विजय परिहार और प्रहलाद वर्मा ने उनकी पत्नी और भाई के नाम से खरीदी गई जमीन के नामांतरण एवं वसीयत के आधार पर नामांतरण कराने के लिए 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत की जांच में रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाया। आज तय योजना के तहत टीम पिछोर पहुंची, जहां आवेदक शंकर लोधी ने दोनों पटवारियों को 23,000 रुपये रिश्वत दी। पैसे मिलते ही लोकायुक्त की पहले से तैनात टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

थाने ले जाकर दर्ज किया गया केस
गिरफ्तारी के बाद लोकायुक्त की 15 सदस्यीय टीम, जिसमें डीएसपी विनोद सिंह कुशवाहा, इंस्पेक्टर बृजमोहन नरवरिया और इंस्पेक्टर बलराम शामिल थे, ने आरोपियों को पिछोर थाने ले जाकर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया और गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *