पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्यप्रदेश की महिलाओं को ‘लाड़ली बहना योजना’ की 23वीं किस्त अब तक नहीं मिली है। जिसे लेकर लाडली बहने असमंजस और चिंता के माहौल में है, तो आपको बता दे’ इस योजना की इस महीने की किश्त अब तक महिलाओं के खातों में नहीं पहुंची है। सोशल मीडिया पर भी लाभार्थी महिलाओं ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
हर महीने की तरह इस बार भी लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाएं 10 अप्रैल को अपने खातों में ₹1,250 की किस्त की उम्मीद लगाए बैठी थीं। लेकिन 10 तारीख बीत जाने के बाद भी राशि ट्रांसफर नहीं हुई है, जिससे राज्यभर में असमंजस और चिंता का माहौल बन गया। वहीँ विपक्ष भी सरकार पर निशाना साध रही है,
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस देरी को लेकर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान वादा किया था कि यह राशि बढ़ाकर ₹3,000 कर दी जाएगी, लेकिन अब तक कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। पटवारी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार चुपचाप बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना से बाहर कर रही है।
सरकारी जानकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग की पुष्टि के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 अप्रैल 2025 को मंडला जिले के टिकरवारा गांव से योजना की 23वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे। इस दिन वे एक सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाग लेंगे, जहां 1100 बेटियों की शादी होगी। इसी मंच से वे एक क्लिक से योजना की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजेंगे।