पलपल इंडिया प्रतिनिधि। हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले के सुंदरनगर उपमंडल के जमंगबाग में कल शाम भूस्खलन से दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी का हिस्सा दरक कर बीबीएमबी कॉलोनी में बने दो मकानों पर आ गिरा। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य भी शामिल हैं। हादसे के बाद रातभर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और होमगार्ड की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।
बुधवार सुबह तक मलबे से सभी छह शव निकाल लिए गए थे। इस हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मकानों के पास विभाग द्वारा कटिंग और पाइप डालने का काम चल रहा था, जो बरसात के बाद किया जा सकता था। उनका आरोप है कि यही लापरवाही इस बड़ी त्रासदी की वजह बनी।