बेटे ने मां-पिता और 25 साल की बहन की बेरहमी से कर दी हत्या, हत्या से मचा हड़कंप

By: PalPal India News
March 4, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,ओडिशा। ओडिशा के जगतसिंहपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 21 साल के युवक ने गुस्से में आकर अपने माता-पिता और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। ये घटना जयबड़ा इलाके में तड़के करीब 2:30 बजे हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। आरोपी की पहचान सूर्यकांत सेठी के रूप में हुई है। उसने अपने पिता प्रशांत सेठी उर्फ कालिया, मां कनकलता और 25 साल की बहन रोजलिन की हत्या कर दी।

जानिये क्या है पूरा मामला?

हत्या के शिकार हुए लोगों की पहचान 65 साल के प्रशांत सेठी उर्फ कालिया, 62 साल की उनकी पत्नी कनकलता और 25 साल की बेटी रोजलिन के रूप में हुई है। आरोपी सूर्यकांत सेठी, जो प्रशांत सेठी और कनकलता का ही बेटा है, वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे इलाके के गर्ल्स हाई स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का अपने परिवार के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। गुस्से में आकर उसने अपने माता-पिता और बहन पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब पड़ोसियों ने घर में खून से सने शव देखे, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही जगतसिंहपुर के एसपी भवानी शंकर उडगता, थाना प्रभारी प्रभास साहू और वैज्ञानिक जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर सबूत इकट्ठा किए और जांच शुरू कर दी है।

जगतसिंहपुर के एसपी भवानी शंकर उडगता ने कहा, ‘जयबेड़ा के दोबासाही में 22 साल के बेटे ने अपने पिता प्रशांत सेठी उर्फ कलिया, मां कनकलता और बहन रोजलिन उर्फ मामाली सेठी की मूसल या पत्थर से पीटकर हत्या कर दी। हमारे थाना अधिकारी और फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। हमने आरोपी बेटे को भी गिरफ्तार कर लिया है। परिवार के सगे संबंधियों और दोस्तों को घटना की खबर दी गई है। सभी के पहुंचने के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा।’ इस रौंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि एक बेटा अपने ही माता-पिता और बहन के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *