पलपल इंडिया प्रतिनिधि। इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस का एक्शन जारी है। इस बीच सोनम के भाई ने राजा रघुवंशी के घर पहुंचकर उनकी मां से मुलाकात की है। सोनम के भाई गोविंद ने कहा कि हम इस परिवार के साथ खड़े हैं।
इंदौर में राजा रघुवंशी के घर अभी थोड़ी देर पहले सोनम का भाई गोविंद पहुंचा। उसने राजा की मां से मुलाकात की है। इस दौरान वह राजा की मां से गले मिलकर फूट-फूटकर रोने लग गया। गोविंद ने कहा कि हमारे परिवार को उस रिश्ते के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, जो लोग दोषी हैं, उन सभी को फांसी की सजा हो। गोविंद ने कहा कि हम इस परिवार के साथ खड़े हैं।
राजा की मां से मिलने के बाद सोनम के भाई ने कहा, ”सोनम का किसी के साथ अफेयर नहीं था। जो भी दोषी है उसे फांसी हो। उसने कहा, राज कुशवाहा सिर्फ हमारा कर्मचारी है और सोनम, राज के साथ कर्मचारी के तौर पर बात करती थी। वह राज कुशवाहा को राखी भी बांधती है।”
11 मई को शादी, 23 मई को लापता
मेघालय में हनीमून मनाने गए राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को लापता हो गए थे। उन्होंने बताया कि राजा रघुवंशी का शव दो जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र (जिसे चेरापूंजी भी कहा जाता है) में एक झरने के पास गहरी खाई में मिला था। राजा रघुवंशी का परिवार ट्रांसपोर्ट के कारोबार से जुड़ा है। उनकी सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के वास्ते मेघालय के लिए रवाना हुए थे। मेघालय पुलिस का विशेष जांच दल (SIT) राजा रघुवंशी की हत्या के मामले की विस्तार से तहकीकात कर रहा है।