ICC Champions Trophy 2025: साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 107 रनों से हराया

By: PalPal India News
February 22, 2025

कराची। शुक्रवार को खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने अफगानिस्तान को 107 रनों से मात देकर शानदार जीत दर्ज की। टेम्बा बावुमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 315 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम 43.3 ओवर में 208 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ग्रुप बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है।

आईसीसी के किसी भी वनडे टूर्नामेंट में 100+ रनों के अंतर से अफगानिस्तान को चौथी बार करारी हार झेलनी पड़ी है। इससे पहले 2015 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने 275 रन से हराया था। 2019 विश्व कप में इंग्लैंड ने 150 रन से हराया था। 2023 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका ने 149 रन से मात दी थी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 90 रन बनाए लेकिन बाकी बल्लेबाजों ने निराश किया। पांच बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी नहीं छू सके, जबकि दो खिलाड़ी दहाई तक भी नहीं पहुंच सके। कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी और फजलहक फारुकी बिना खाता खोले आउट हो गए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। लुंगी एनगिडी और वियान मुल्डर ने दो-दो, जबकि मार्को यानसेन और केशव महाराज ने एक-एक विकेट झटका।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत धीमी रही थी, लेकिन कप्तान टेम्बा बावुमा (58) और रेयान रिकेल्टन (103) ने टीम को संभाला। पहले विकेट के रूप में टोनी डी जॉर्जी (11) जल्दी आउट हो गए। बावुमा और रिकेल्टन ने 129 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। बावुमा 76 गेंदों में 58 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिकेल्टन ने 101 गेंदों में 103 रनों की शतकीय पारी खेली।
बावुमा के आउट होने के बाद रासी वैन डर डुसेन (26) ने रिकेल्टन का साथ दिया। रिकेल्टन ने सात चौकों और एक छक्के की मदद से अपना पहला वनडे शतक जड़ा। अंत में एडेन मार्करम (52) और वियान मुल्डर (12) की उपयोगी पारियों ने स्कोर 315 तक पहुंचा दिया। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी ने दो विकेट लिए, जबकि फजलहक फारुकी, अजमतुल्लाह उमरजई और नूर अहमद को एक-एक सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *