स्पेसएक्स को झटका: उड़ान भरते ही ब्लास्ट हुआ स्टारशिप, आग के गोले में बदला

By: PalPal India News
March 7, 2025

फ्लोरिडा। एलन मस्क को एक और बड़ा झटका लगा है। स्पेसएक्स के विशालकाय स्टारशिप मेगा-रॉकेट सिस्टम की आठवीं उड़ान नाकाम रही। टेक्सास से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद इसका संपर्क टूट गया और आसमान में जोरदार धमाके के साथ यह आग के गोले में बदल गया। स्टारशिप के मलबे के बहामास के तट पर गिरने के वीडियो सामने आए हैं। इस घटना के बाद अमेरिकी विमानन अधिकारियों ने फ्लोरिडा के कई हवाई अड्डों पर उड़ानें रोक दीं। ऑरलैंडो और मियामी एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लगाया गया, हालांकि बाद में इसे हटा लिया गया। अच्छी खबर यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स बूस्टर को लॉन्च टॉवर पर वापस लाने में सफल रहा, लेकिन स्टारशिप अंतरिक्षयान को बचाया नहीं जा सका। यह हादसा ठीक एक महीने पहले हुई सातवीं स्टारशिप उड़ान की विफलता के बाद हुआ, जिसमें भी रॉकेट नष्ट हो गया था।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दिख रहा है कि स्टारशिप के इंजन बंद होते ही यह अनियंत्रित रूप से घूमने लगा और कुछ ही देर में धमाके के साथ टूटकर जल उठा। यह नाकामी एलन मस्क के मंगल मिशन के लिए गंभीर झटका मानी जा रही है। स्पेसएक्स के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय है, क्योंकि हालिया उड़ानें लगातार असफल हो रही हैं। मस्क की कंपनी को अब अपनी तकनीक को और मजबूत करने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की विफलताओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *