पलपल इंडिया प्रतिनिधि। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर एमपी के पांच शहरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी में मॉक ड्रिल की गई। मॉक ड्रिल के बाद 07:30 बजे ब्लैक आउट का सायरन भी बजा।
जबलपुर में भी हुई मॉकड्रिल
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। आतंकी हमलों जैसी आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए जबलपुर के चार स्थानों पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सिविक सेंटर स्थित समदड़िया मॉल में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के समय सायरन बजाया गया। इसके साथ ही, आग लगने या फिर किसी की तबीयत बिगड़ती है, तो उसे कितनी जल्दी अस्पताल ले जाया जा सके, इसकी तैयारी को देखा गया। इस मॉकड्रिल में एम्बुलेंस फायर ब्रिगेड सिविल डिफेंस पुलिस प्रशासन और एनसीसी और एनएसएस की तैयारियों को परखा गया ताकि हमले के वक्त जान माल के नुकसान को कम किया जा सके
ग्वालियर में हुई ख़ास मॉकड्रिल
ग्वालियर में खास तौर पर सिरोल इलाके में, एक नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस ड्रिल में हवाई हमले के सायरन, ब्लैकआउट और सार्वजनिक निकासी रिहर्सल जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। इसके अलावा प्रशासन ने गोला का मंदिर ITI तिराहे पर भी मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान स्कूल बस से अमोनिया गैस से भरा एक टैंकर टकरा गया। हादसे के बाद क्षेत्र में गैस रिसाव होने लगा। इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF ने मिलकर रेस्क्यू कार्य किया। इस दौरान ITI चौराहे से बिरला हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। मॉक ड्रिल अभ्यास कर रही संयुक्त फोर्सेज़ ने कैमिकल विशेषज्ञों की मदद से गैस रिसाव को रोका।