इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू में मंगलवार को एक बड़ा आतंकवादी हमला हुआ। दो आत्मघाती हमलावरों ने पाकिस्तानी सेना के ठिकाने को निशाना बनाकर धमाका किया, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए। धमाके के तुरंत बाद इलाके में गोलियों की आवाजें और तेज धमाके सुने गए। आसमान में उठते धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस अधिकारी जाहिद खान ने बताया कि हमलावरों ने चौकी की दीवार तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें रोक दिया।
इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी तालिबान (TTP) से जुड़े संगठन जैश अल-फुरसान ने ली है। यह संगठन पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान में कई बड़े आतंकी हमलों को अंजाम दे चुका है। सेना ने बताया, “हमले के बाद 5-6 आतंकियों ने ठिकाने में घुसने की कोशिश की, लेकिन उन्हें मार गिराया गया।” फिलहाल इलाके में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने अभी तक आधिकारिक रूप से हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की है।
यह हमला पवित्र रमजान महीने के दौरान हुआ, जब लोग रोजा खोलने में व्यस्त थे। आतंकियों ने इसी मौके का फायदा उठाकर यह आत्मघाती हमला किया। इससे पहले भी नवंबर 2024 में एक कार बम धमाके में 12 सैनिक मारे गए थे, जबकि जुलाई 2024 में इसी इलाके में हुए हमले में भी कई सैनिक हताहत हुए थे।