मुंबई। बॉलीवुड के एक्शन किंग सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जाट’ का पावरफुल ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर में धमाकेदार एक्शन और सनी देओल का वही गुस्सैल अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसे उनके फैंस खास तौर पर पसंद करते हैं। ट्रेलर के अंत में सनी का दमदार डायलॉग, “ये ढाई किलो के हाथ की ताकत पूरा नॉर्थ देख चुका है, अब साउथ देखेगा,” दर्शकों में जोश भर देता है।
गोपीचंद मालिनेनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक जबरदस्त एक्शन-ड्रामा है, जिसमें रंदीप हुड्डा, विनीत कुमार सिंह और साउथ के कई बड़े सितारे सनी देओल के साथ नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण माइथ्री मूवी मेकर्स ने किया है।
ट्रेलर में सनी देओल का फुल ऑन एक्शन अवतार दिख रहा है, जो उनकी सुपरहिट फिल्मों ‘घायल’, ‘गदर’ और ‘बॉर्डर’ की याद दिलाता है। अब देखना होगा कि 10 अप्रैल 2025 को रिलीज होने वाली यह फिल्म सनी देओल के करियर में एक और ब्लॉकबस्टर जोड़ पाएगी या नहीं।