जबलपुर के माढ़ोताल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों को बिना बताए कर दिया अंतिम संस्कार

By: PalPal India News
July 14, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। माढ़ोताल थाना क्षेत्र के ग्राम औरिया में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने मायके वालों को जानकारी दिए बिना ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। देर शाम जब मायके पक्ष को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने थाने पहुंचकर मौत को संदिग्ध बताया। पुलिस ने श्मशान घाट जाकर चिता की राख और अस्थि अवशेष जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

कटंगी बायपास स्थित ग्राम औरिया निवासी कान्हा सेन की शादी जनवरी 2022 में बरेला के सालीवाड़ा निवासी दुर्गेश नंदनी से हुई थी। दुर्गेश छह माह की गर्भवती थी और स्वास्थ्य समस्या के चलते मेडिकल अस्पताल में भर्ती थी। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष शव को गांव ले गया और दोपहर में अंतिम संस्कार कर दिया।

शाम को जब मायके पक्ष को दुर्गेश की मौत की जानकारी मिली तो वे ससुराल पहुंचे। इसके बाद रात में माढ़ोताल थाने जाकर घटना को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की। थानेदार नीलेश दोहरे ने तुरंत गंभीरता दिखाते हुए पुलिस टीम को श्मशान घाट भेजा, लेकिन तब तक चिता लगभग जल चुकी थी। पुलिस ने रात भर श्मशान की निगरानी की ताकि चिता के अवशेषों से छेड़छाड़ न हो सके। शनिवार सुबह पुलिस ने चिता की राख और अस्थियों को जब्त कर एफएसएल टीम की मदद से जांच के लिए सुरक्षित रखा है।

मायके पक्ष का आरोप है कि दुर्गेश को विवाह के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। गर्भवती होने के बावजूद पति उसके साथ मारपीट करता था। 9 जुलाई को तबियत खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया था, जहां वह ठीक से बात भी नहीं कर पा रही थी। आरोप है कि अस्पताल में पति ने स्वास्थ्यकर्मियों से भी अभद्रता की थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *