अहमदाबाद। सूरत के सरदार वल्लभभाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SVNIT) में रैगिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें एक छात्र को बेल्ट से बेरहमी से पीटा जा रहा है। घटना सामने आते ही कॉलेज प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए और जांच के आदेश दिए गए हैं। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है।
वीडियो में पीड़ित छात्र को कई अन्य छात्रों ने घेर रखा था, जबकि एक छात्र उसे कमर की बेल्ट से बुरी तरह मार रहा था। आरोपी छात्र पीड़ित को रोने या जमीन पर बैठने के लिए कह रहा था, लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया। कुछ छात्रों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन पिटाई नहीं रुकी।
वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र को कंप्यूटर साइंस विभाग के एक छात्र ने बेल्ट से पीटा। हालांकि, कॉलेज प्रशासन ने इसे “जन्मदिन पर खेला गया गेम” बताया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सूरत पुलिस के अधिकारियों ने भी कॉलेज परिसर का दौरा किया और छात्रों से पूछताछ की। पुलिस ने बुधवार को करीब 10 छात्रों के बयान दर्ज किए, जिनमें वीडियो में दिख रहा आरोपी भी शामिल है। फिलहाल, पुलिस पीड़ित छात्र के सूरत लौटने का इंतजार कर रही है, क्योंकि वह इस समय गोवा में एक शैक्षणिक कार्यक्रम में भाग ले रहा है।
इस घटना पर IIT और NIT के छात्रों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सोशल मीडिया पर रैगिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोका जाना चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल, पुलिस और कॉलेज प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और दोषियों पर उचित कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।