पलपल इंडिया प्रतिनिधि। गुजरात के पंचमहल जिले में दो युवकों की इतनी बेरहमी से पिटाई की गई जिससे आप भी हैरान रह जायेंगे। दरअसल खबर शहेरा तालुका के ताडवा गांव का है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी प्रेमिकाओं से मिलने आए थे। इसी दौरान लड़कियों के परिजनों ने उन्हें पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर पीटा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवतियां भी मौके पर मौजूद थीं और उनके साथ भी मारपीट की गई। दोनों युवक मेहसाणा जिले के मेहमतपुर के रहने वाले हैं और युवतियों से मिलने आए थे। युवतियों के परिजन उन्हें कार में बैठाकर ताडवा गांव लाए और गांव में पेड़ से बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा।
वीडियो वायरल हुआ जिसके बाद वीडियो में दिख रहे 10 आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है, और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने आरोप लगाया है, कि आदिवासी युवक उनकी बेटियों को भगाकर ले गए थे। इसके बाद दोनों लड़कियों को उनके प्रेमियों के साथ पकड़ा गया और गांव लाकर चारों को तालिबानी सजा दी गई। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं पर उनके रिश्तेदारों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी हमला किया। उन्होंने बताया कि इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लोगों की कार्रवाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस उपाधीक्षक एन वी पटेल ने बताया कि वायरल वीडियो में दो लोगों को पेड़ से बांधकर एक समूह द्वारा लात-घूंसों और डंडों से पीटते हुए देखा गया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।