नई दिल्ली। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करना उनके लिए सम्मानजनक अनुभव रहा और वे इस साल के अंत में भारत आने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
एलन मस्क और पीएम मोदी के बीच टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे अहम विषयों पर चर्चा हुई। मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं इस साल के अंत में भारत आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
पीएम मोदी ने भी एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “एलन मस्क के साथ विभिन्न विषयों पर सार्थक बातचीत हुई। हमने वाशिंगटन डीसी में हुई पिछली मुलाकात में चर्चा किए गए विषयों को भी आगे बढ़ाया और टेक्नोलॉजी व इनोवेशन के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर बात की। भारत, अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
गौरतलब है कि इस साल फरवरी में पीएम मोदी ने अमेरिका यात्रा के दौरान वाशिंगटन में एलन मस्क से मुलाकात की थी। उस समय भी दोनों नेताओं ने स्पेस, मोबिलिटी, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श किया था।
पीएम मोदी ने मस्क के परिवार के साथ बिताए गए पलों की कुछ तस्वीरें भी साझा की थीं। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “एलन मस्क के परिवार से मिलना और विविध विषयों पर चर्चा करना सुखद अनुभव रहा।”
यह बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब टेस्ला भारतीय बाजार में प्रवेश की तैयारी कर रही है। साथ ही यह घटनाक्रम भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौतों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सामने आया है।