चारकोल स्केच बनाने में भी माहिर हैं तारा सुतारिया

By: PalPal India News
March 1, 2025

अभिनय और गायकी में अपनी प्रतिभा साबित कर चुकीं तारा सुतारिया अब अपने एक और हुनर से लोगों को चौंका रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने चारकोल स्केचिंग कौशल की झलक दिखाई। खास बात यह है कि यह कला उन्होंने बचपन में ही सीख ली थी। तारा सुतारिया ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके चारकोल स्केच का कलेक्शन नजर आया। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “बचपन में बनाए गए चारकोल स्केच! यह तब का है जब मैंने इस कला की शुरुआत की थी, उस वक्त मेरी उम्र सिर्फ 9 साल थी।”

इस वीडियो के जरिए तारा ने अपने फैंस को अपने छुपे हुए टैलेंट से परिचित कराया। पहले से ही शानदार अभिनेत्री और सिंगर के रूप में पहचान बनाने वाली तारा ने इस नए अंदाज में भी अपनी बहुमुखी प्रतिभा को साबित किया है।

तारा सुतारिया न केवल एक प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं बल्कि एक शानदार गायिका भी हैं। उन्होंने साल 2022 में आई एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ में ‘शामत’ गाना गाया था। इस गाने को लेकर तारा ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा था, “मैंने अपना पहला हिंदी गाना ‘शामत’ रिकॉर्ड किया, जिसे दर्शकों से बहुत प्यार मिला। यह मेरे लिए एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि फिल्मों में गाने का मौका कम ही मिलता है। हालांकि, इसे गाना मेरे लिए आसान नहीं था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *