नई दिल्ली. अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 हादसे का शिकार हो गई, जिसमें कई यात्रियों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद टाटा ग्रुप ने पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी मदद का ऐलान किया है। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
टाटा ग्रुप की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हादसे में घायल सभी यात्रियों का पूरा मेडिकल खर्च टाटा ग्रुप वहन करेगा और यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि उन्हें बेहतर इलाज और हर संभव सहायता दी जाए। इसके अलावा टाटा ग्रुप बी जे मेडिकल छात्रावास के निर्माण में भी सहायता प्रदान करेगा।
टाटा ग्रुप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, “एयर इंडिया फ्लाइट 171 से जुड़ी इस दुखद दुर्घटना से हम गहरे दुख में हैं। शब्द इस क्षति को व्यक्त करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। हमारी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है या जो घायल हुए हैं।”
पोस्ट में यह भी कहा गया, “इस कठिन समय में हम प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। हमारी प्राथमिकता सभी प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों को हर जरूरी सहायता देना है। हमारी आपातकालीन टीमें मौके पर तैनात हैं और हर स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में मदद कर रही हैं।”
गौरतलब है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 दोपहर में हादसे का शिकार हो गई थी। इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे। हादसे के बाद एयर इंडिया ने प्रभावित लोगों के लिए इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 1800 5691 444 भी जारी कर दिया है। एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि घटना की जांच जारी है और जैसे ही नई जानकारी मिलेगी, उसे एयर इंडिया की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा।