लीड्स। इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ का पहला मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी में 364 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 371 रनों का बड़ा लक्ष्य रख दिया है।
भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे और दूसरी पारी में भी उसके बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने टीम के लिए सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 140 गेंदों में 118 रन बनाए। वहीं, केएल राहुल ने अपनी बेहतरीन फॉर्म जारी रखते हुए 247 गेंदों में 137 रन की शानदार पारी खेली। दोनों के बीच 195 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भारत की दूसरी पारी का सबसे अहम मोड़ रही।
करुण नायर ने 20 रन और रविंद्र जडेजा ने नाबाद 25 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से जोश टंग और ब्रायडन कार्स ने 3-3 विकेट लिए, जबकि शोएब बशीर को 2 विकेट मिले। बेन स्टोक्स और क्रिस वोक्स ने 1-1 विकेट हासिल किया।
अब इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 371 रनों की चुनौतीपूर्ण पारी खेलनी होगी।