मुंबई के CSMT, LTT और कल्याण स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट पर अस्थायी रोक

By: PalPal India News
April 17, 2025

मुंबई. गर्मी की छुट्टियों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए, मध्य रेलवे के मुंबई मंडल ने एक अहम फैसला लिया है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और कल्याण स्टेशन पर 18 अप्रैल से 15 मई 2025 तक प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर अस्थायी रोक लगा दी गई है।

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लिया गया है। इस अवधि के दौरान आम लोगों को प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों, बीमार यात्रियों और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिजनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की भारी भीड़ मध्य रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि छुट्टियों के इस सीजन में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में तेज़ी से इज़ाफा होता है। ऐसे में प्लेटफॉर्म टिकट लेकर स्टेशन पर आने वालों की वजह से अनावश्यक भीड़ बढ़ती है, जिससे यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था दोनों प्रभावित होती हैं। रेलवे ने यात्रियों से अनावश्यक रूप से स्टेशन पर भीड़ न करने की अपील की है और कहा है कि यह कदम यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *