थाईलैंड के चियांग माई शहर में स्थित एक रेस्टोरेंट अपने अनोखे प्रमोशन की वजह से सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है। इस रेस्टोरेंट का नाम ‘Chiang Mai Breakfast World’ है और यहां छूट (डिस्काउंट) इस बात पर मिलती है कि ग्राहक कितने “पतले” हैं!
डिस्काउंट के लिए रॉड्स से गुजरना पड़ता है
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ग्राहक खाने पर छूट पाने के लिए पतली धातु की छड़ों (रॉड्स) के बीच से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। ये रॉड्स पांच अलग-अलग चौड़ाई के स्तरों पर लगाई गई हैं, और हर स्तर पर जगह कम होती जाती है।
जो ग्राहक इन रॉड्स के तंग गैप से गुजर जाते हैं, उन्हें 5% से लेकर 20% तक की छूट मिलती है।
लेकिन जो नहीं निकल पाते, उनके लिए लिखा रहता है – “Full Price, Sorry!”
सोशल मीडिया पर बंटा रिएक्शन: सराहना भी, आलोचना भी
इस प्रमोशनल आइडिया को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी हुई है।
कई यूज़र्स ने इसे मजेदार, अनोखा और क्रिएटिव तरीका बताया।
वहीं, कई लोगों ने इसे बॉडी शेमिंग और डिस्क्रिमिनेशन (भेदभाव) करार दिया।
एक यूज़र ने लिखा, “एशिया में शरीर के आकार को लेकर जो जुनून है, वो चिंताजनक है।”
वहीं दूसरे ने कहा, “मैं सिर्फ डिस्काउंट के लिए खुद को नीचा नहीं दिखाऊंगा। इस रेस्टोरेंट में कभी नहीं जाऊंगा।”
फिर भी लोकप्रिय, 4.3 की गूगल रेटिंग
विवादों के बावजूद इस रेस्टोरेंट की गूगल रेटिंग 4.3 स्टार है और 1,700 से ज्यादा लोगों ने इसकी तारीफ की है। यह दर्शाता है कि भले ही यह तरीका कुछ लोगों को आपत्तिजनक लगा हो, लेकिन कई लोग इसे हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में ले रहे हैं।
ऐसा मामला पहले भी सामने आ चुका है
गौर करने वाली बात यह है कि इस तरह का प्रचार पहली बार नहीं हुआ है। साल 2018 में चीन के जिनान शहर के एक रेस्टोरेंट में भी ऐसा ही ऑफर दिया गया था, जहां ग्राहक अगर 15 सेंटीमीटर चौड़ी दीवार के गैप से निकलने में कामयाब होते थे, तो उन्हें फ्री खाना और बीयर मिलती थी।